नौरोजाबाद नगर परिषद CMO पद स्थापना को लेकर हुआ बड़ा बदलाव
सौरभ श्रीवास्तव की जगह अब किशन सिंह ठाकुर होंगे नौरोजाबाद नगर परिषद CMO

उमरिया। शहडोल संभागयुक्त के द्वारा श्रीमती ज्योति सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद नौरोजाबाद जिला उमरिया को निलंबित किया गया है। कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास शहडोल संभाग शहडोल (म०प्र०) के आदेश क्रं / 354 / सं०स०/स्था०/2025, शहडोल दिनांक 20/02/2025 द्वारा श्री सौरभ श्रीवास्तव (मूलपद-सहायक ग्रेड-01) नगर परिषद बुढार जिला शहडोल को अपने वर्तमान कार्यो के साथ- साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद नौरोजाबाद जिला उमरिया का प्रभार सौंपा गया है। कार्यालय कलेक्टर जिला उमरिया के पत्र क्रमांक 194 दिनांक 21.02.2025 द्वारा लेख किया गया है कि श्री सौरभ श्रीवास्तव, नगर परिषद बुढार से आना-जाना करेंगें, जिससे नगर परिषद नौरोजाबाद व बुढार दोनों कार्यालयों का कार्य प्रभावित होगा। कार्यालयीन कार्य व्यवस्था के दृष्टिगत जिला उमरिया के अधिकारी को प्रभार दिया जाना उचित होगा।

अतः संभागीय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास शहडोल संभाग शहडोल द्वारा जारी आदेश क्रं/ 354/सं०स०/स्था०/2025, शहडोल, दिनांक 20/02/2025 तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाता है तथा श्री सौरभ श्रीवास्तव (मूलपद-सहायक ग्रेड -01) नगर परिषद बुढार जिला शहडोल को मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद नौरोजाबाद के प्रभार से कार्यमुक्त करते हुए श्री किशन सिंह ठाकुर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद उमरिया (म०प्र०) को अपने वर्तमान कार्यो के साथ-साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद नौरोजाबाद जिला उमरिया का संपूर्ण प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा जाता है।
उक्त आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।