मुख्यमंत्री Shivraj Singh Chouhan ने 4 मार्च को रीवा जिले के मऊगंज में आयोजित होने वाले संबल योजना 2.O और मध्यप्रदेश भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की सहायता राशि वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की निवास से वी.सी. के माध्यम से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 4 मार्च को रीवा जिले के मऊगंज से मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना 2.0 और मध्यप्रदेश भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत ₹605 करोड़ की अनुग्रह सहायता का वितरण करेंगे। प्रदेश के 27,310 श्रमिक परिवार को अनुग्रह सहायता की राशि उनके खाते में अंतरित की जायेगी। साथ ही अन्य योजना के हितग्राहियों को भी लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मऊगंज में विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। कार्यक्रम गरिमामय हो। प्रदेश के अन्य निकाय भी कार्यक्रम के प्रसारण से जोड़े जाएं।
कलेक्टर रीवा ने बताया कि ₹704.27 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी होगा। जन-प्रतिनिधि और नागरिक भी कार्यक्रम के प्रति उत्साहित हैं। स्वतंत्रता के बाद पहली बार जन-कल्याण की दृष्टि से इतना महत्वपूर्ण कार्यक्रम मऊगंज में होने जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।